गांधीनगर की PDEU यूनिवर्सिटी में ‘सक्षम 2025-26’ का भव्य शुभारंभ
गांधीनगर, 2 फरवरी 2026: भारत सरकार के पेट्रोलियम और नेचर गैस मंत्रालय के मार्गदर्शन में, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) द्वारा अन्य तेल और गैस पीएसयू (BPCL, HPCL और GAIL) के सहयोग से राष्ट्रव्यापी ईंधन संरक्षण अभियान ‘सक्षम 2025-26’ (संरक्षण क्षमता महोत्सव) के उद्घाटन समारोह का आज गांधीनगर स्थित पंडित दीनदयाल एनर्जी यूनिवर्सिटी (PDEU) में भव्य आयोजन किया गया । “तेल और गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ” के मंत्र के साथ यह जन जागरूकता अभियान 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक पूरे राज्य में चलेगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गुजरात सरकार के माननीय राज्य मंत्री (कानून और न्याय, ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल्स, विधायी और संसदीय मामले) श्री कौशिक कांतिभाई वेकारिया उपस्थित रहे । मंत्री महोदय ने PDEU कैंपस से आधिकारिक तौर पर इस अभियान को हरी झंडी दिखाकर (फ्लैग-ऑफ) नागरिकों से ऊर्जा बचत और पर्यावरण सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। वर्ष 1991 से कार्यरत इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कच्चे तेल पर निर्भरता कम करना और टिकाऊ ऊर्जा समाधानों को बढ़ावा देना है।
इस उद्घाटन समारोह में उद्योग और शैक्षणिक जगत की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक और राज्य प्रमुख (गुजरात) श्री संजीब बेहेरा द्वारा स्वागत भाषण दिया गया । इसके पश्चात, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के राज्य प्रमुख (रिटेल), गुजरात, श्री अचिंत भवसार द्वारा हिंदी में और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक (रिटेल) एवं क्षेत्रीय प्रमुख श्री सुभेन्दु मोहंती द्वारा अंग्रेजी में उपस्थित सभी लोगों को ‘सक्षम 2025-26’ की शपथ दिलाई गई ।
इस अवसर पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के तहत गुजरात रिफाइनरी, बड़ौदा के कार्यकारी निदेशक और रिफाइनरी प्रमुख श्री बिप्लोब बिस्वास और पंडित दीनदयाल एनर्जी यूनिवर्सिटी (PDEU), गांधीनगर के महानिदेशक प्रो. एस. सुंदर मनोहरन ने प्रासंगिक संबोधन के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला । कार्यक्रम में माननीय राज्य मंत्री श्री कौशिक कांतिभाई वेकारिया ने मुख्य भाषण (कीनोट एड्रेस) दिया । साथ ही, मंच पर जामनगर के विधायक श्री दिव्येश अकबरी और मेहसाणा के विधायक श्री मुकेश पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही ।
इस पखवाड़े के दौरान पूरे गुजरात में साइक्लोथॉन, वॉकाथॉन और ग्रामीण स्तर पर ‘एलपीजी पंचायत’ जैसे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विशेष रूप से छात्रों, किसानों और परिवहन क्षेत्र के ड्राइवरों के लिए ईंधन बचत प्रशिक्षण और कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं। राज्य परिवहन (ST) के प्रत्येक डिपो पर 300 से अधिक ड्राइवरों को ईंधन-कुशल ड्राइविंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा, जनता तक संदेश पहुँचाने के लिए गुजरात के 6 प्रमुख स्थानों पर ग्रैफिटी और वॉल पेंटिंग भी तैयार की जाएंगी।
इस अभियान का समापन समारोह 16 फरवरी 2026 को अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा। इंडियन ऑयल और अन्य तेल कंपनियां इस माध्यम से समुदायों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक कर एक स्थायी भविष्य के लिए कार्यरत हैं।
