E4U एंटरटेनमेंट की घोषणा: गुजराती सिनेमा में फैमिली एंटरटेनमेंट और नई प्रतिभाओं को मिलेगा वैश्विक मंच.

E4U एंटरटेनमेंट की घोषणा: गुजराती सिनेमा में फैमिली एंटरटेनमेंट और नई प्रतिभाओं को मिलेगा वैश्विक मंच.

अहमदाबाद: गुजराती सिनेमा आज वैश्विक स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बना रहा है, और इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए E4U एंटरटेनमेंट गुजराती दर्शकों के लिए कुछ अनोखा कंटेंट लाने के लिए तैयार है। प्रोडक्शन हाउस E4U एंटरटेनमेंट ने Ambigramy और डिवाइन प्रोडक्शन हाउस के सहयोग से अपने नए प्रोजेक्ट्स की घोषणा की है।

आगामी प्रोजेक्ट्स के बारे में E4U एंटरटेनमेंट की ओर से अमित वेडावाला और निलेश मोदी, Ambigramy की ओर से प्रेमल त्रिवेदी और श्रीकांत जानी, तथा डिवाइन की ओर से अमरीश भीमानी और निलेश भाई जैसे निर्माताओं ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अपनी पहली दो फिल्मों ‘वाट लागी’ और ‘चोर नंबर-1’ की आधिकारिक घोषणा की, जिनकी शूटिंग इसी साल फरवरी में शुरू होने जा रही है।

E4U एंटरटेनमेंट की फिल्मों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि हर फिल्म एक नई कहानी और अलग अंदाज के साथ दर्शकों के सामने पेश की जाएगी। प्रोडक्शन हाउस का मुख्य उद्देश्य ऐसा मनोरंजन प्रदान करना है जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सके। ये फिल्में केवल गुजरात के सिनेमाघरों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि इन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज करने और प्रमुख OTT प्लेटफॉर्म्स पर लाने की भी योजना है, ताकि वैश्विक स्तर पर गुजराती सिनेमा का विस्तार किया जा सके।

नई प्रतिभाओं के लिए भी यह प्रोडक्शन हाउस एक उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। E4U ‘प्योर टैलेंट’ में विश्वास रखता है जिससे नए कलाकार या टेक्निशियंस अपनी क्षमता साबित कर सकते हैं, उन्हें मंच और समर्थन देने के लिए मैनेजमेंट हमेशा तत्पर है।

फिल्म ‘वाट लागी’ की बात करें तो इसका टाइटल जितना आकर्षक है, कहानी उतनी ही दिलचस्प है। पार्थ शुक्ला द्वारा निर्देशित यह एक कॉमेडी सस्पेंस थ्रिलर फिल्म है, जिसमें भव्य गांधी, जीनल बेलानी, दीप वैद्य, ओम भट्ट और प्रेम गढ़वी जैसे प्रतिभाशाली कलाकार नजर आएंगे। इस फिल्म को आगामी अक्टूबर और नवंबर के बीच रिलीज करने की तैयारी है।

वहीं दूसरी ओर ‘चोर नंबर-1’ एक कंपनी में काम करने वाले तीन कर्मचारियों की कहानी है जो अपने मैनेजर की वजह से एक गलती का शिकार होते हैं। बदला लेने के उद्देश्य से वे एक चोरी को अंजाम देते हैं, जिसके बाद एक ही रात में उनकी जिंदगी में आने वाले मोड़ दर्शकों को रोमांचित करेंगे। राकेश शाह द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश भी देती है। इसमें श्रेय मराडिया, अर्चन त्रिवेदी, आंचल शाह और ऋषि जानी सहित कई कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। मौलिक मेहता के संगीत और किरण परिहार के गीतों से सजी इस फिल्म को मई 2026 में रिलीज करने की योजना है।

अनुभवी निर्माताओं की यह टीम गुजराती फिल्म जगत में एक नया अध्याय लिखने के लिए तैयार है, जिससे दर्शकों को उच्च गुणवत्ता वाले सिनेमा का अनुभव मिलेगा।

deshpatrika

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *