अरावली को लेकर पीएम मोदी को पत्र
Rajasthan – बिजौलियां। ऊपरमाल पर्यावरण समिति बिजौलियां के उपाध्यक्ष शक्ति नारायण शर्मा ने अरावली पर्वत श्रृंखला से जुड़े सर्वोच्च न्यायालय के हालिया निर्णय को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। अपने पत्र में उन्होंने अरावली पर्वतमाला को देश की राष्ट्रीय धरोहर बताते हुए कहा कि इन पहाड़ियों के आसपास हजारों गांव बसे हुए हैं, जिनकी आजीविका मुख्य रूप से कृषि और पशुपालन पर निर्भर है।
शक्ति नारायण शर्मा ने पत्र में चिंता जताई कि इस फैसले से इन गांवों के अस्तित्व पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है और इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव राजस्थान पर पड़ेगा। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि यदि निर्णय में संशोधन नहीं किया गया तो आने वाले समय में राजस्थान धीरे-धीरे रेगिस्तान में तब्दील हो सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में अवैध खनन सरकारों के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है और अरावली पर्वत श्रृंखला से संबंधित यह फैसला इन पहाड़ियों के अस्तित्व को समाप्त करने की दिशा में पहला कदम साबित हो सकता है। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि सर्वोच्च न्यायालय के इस फैसले पर पुनर्विचार किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
